हर वर्ष जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित करने की होगी पहल
रांची, झारखंड
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजेए) की झारखंड प्रदेश इकाई ने राजधानी रांची के वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) चंदन सिन्हा को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह शहर के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जहां श्री सिन्हा को पुष्प गुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आईजेए के प्रदेश अध्यक्ष देवानंद सिन्हा ने बताया कि एसएसपी चंदन सिन्हा ने रांची की विधि व्यवस्था और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए सराहनीय कार्य किए हैं, जिसकी पूरे प्रदेश में प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से यह निर्णय लिया गया है कि हर वर्ष झारखंड के विभिन्न जिलों के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी सेवा के लिए इसी तरह से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ पत्रकार नवल किशोर सिंह, महिला विंग प्रदेश उपाध्यक्ष मधु सिन्हा, रफी समी, डॉ. पूजा सिन्हा, पीयूष कुमार, सौरभ राय और विजय दत्त पिंटू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस सम्मान समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और मीडिया के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करना है, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाए जा सकें।