रांची
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आजसू के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे का औपचारिक ऐलान हो गया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा, और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

एनडीए का विकास एजेंडा

भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड की जनता के समक्ष यह चुनाव सिर्फ सत्ता पाने का नहीं, बल्कि राज्य की अस्मिता और विकास को बचाने का मौका है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार देश में समृद्धि और सुशासन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। लेकिन झारखंड की वर्तमान सरकार ने राज्य को अराजकता और अव्यवस्था की ओर धकेल दिया है।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए गठबंधन झारखंड की ‘माटी, बेटी और रोटी’ को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। “हमारी प्राथमिकता है कि नौजवानों को रोजगार मिले, महिलाएं सशक्त हों, किसान खुशहाल हों और भ्रष्टाचार का अंत हो। इस उद्देश्य से भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा मिलकर झारखंड का भविष्य सुरक्षित करने के लिए चुनाव लड़ेंगे,” शिवराज ने कहा।

एनडीए के उम्मीदवारों की सूची जल्द

आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि वर्तमान सरकार के कुशासन से हर वर्ग परेशान है। “झारखंड की जनता एनडीए गठबंधन से उम्मीद लगाए बैठी है, और हमें भरोसा है कि हम राज्य में फिर से सुशासन स्थापित करेंगे।”

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि आजसू 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिसमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर शामिल हैं। जदयू को जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीटें मिली हैं, जबकि लोजपा चतरा से चुनाव लड़ेगी। बाकी बची सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारेगी।

भाजपा का हमला: ठगी और वादाखिलाफी का आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “पिछले पांच वर्षों में हर वर्ग ठगा महसूस कर रहा है। किसानों से लेकर महिलाओं तक, हर किसी को सरकार ने केवल झूठे वादों से बहलाया। युवाओं को 5 लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन एक भी नौकरी नहीं दी गई।”

मरांडी ने कहा कि आदिवासी समाज की हालत बद से बदतर हो गई है, उनकी जमीनें छीनी जा रही हैं और सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने राज्य की बदली जनसांख्यिकी पर भी चिंता जताई और कहा कि एनडीए सरकार झारखंड को फिर से सही दिशा में लेकर जाएगी।

हिमंत बिस्वा का बयान

भाजपा के सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “झारखंड में एनडीए का गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेगा। सीट बंटवारे को लेकर सभी दलों के बीच सहमति बन चुकी है और जल्द ही हम अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।”

झारखंड के राजनीतिक गलियारों में इस सीट बंटवारे के बाद एनडीए गठबंधन का चुनावी अभियान जोर पकड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *