तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय ने आज राजनीति में अपना पहला कदम रखते हुए आधिकारिक रूप से अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेत्रि कझगम’ (टीवीके) का गठन किया। विजय के इस ऐलान से समर्थकों में जोश का माहौल देखने को मिला।
विकरवंडी में आयोजित पहले सम्मेलन में विजय ने अपने समर्थकों को संबोधित किया, जिसमें राज्य भर से उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस ऐतिहासिक मौके पर टीवीके के कोषाध्यक्ष वेंकटरमन ने पार्टी के सभी सदस्यों और विजय समर्थकों को एकता और सेवा का संकल्प दिलवाया। विजय ने अपने संबोधन में तमिलनाडु के विकास और नई दिशा देने के संकल्प को दोहराया।
सम्मेलन में विजय ने 100 फुट ऊंचे झंडे के खंभे पर पार्टी का झंडा फहराया। विजय ने एक बटन दबाकर झंडा फहराया, जिसके साथ ही पूरे मैदान में जयघोष गूंज उठा। उन्होंने तमिलनाडु के स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सम्मान दिया।
इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने विजय को इस नए कदम पर बधाई दी। बताया जा रहा है कि विजय ने इस साल की शुरुआत में अपनी राजनीतिक इच्छाओं को लेकर चर्चा की थी और फरवरी में राजनीति में आने की घोषणा की थी।
तमिल सिनेमा में एक के बाद एक हिट फिल्मों के साथ विजय ने खुद को एक प्रमुख अभिनेता के रूप में स्थापित किया है, और अब राजनीति में उनके इस कदम ने प्रशंसकों के बीच नई उम्मीदें जगा दी हैं।