पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित महिला संवाद यात्रा पर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। एक ओर विपक्ष इसे सरकारी धन की बर्बादी बता रहा है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।

लालू प्रसाद ने कहा, “अच्छा है कि मुख्यमंत्री यात्रा पर जा रहे हैं। लेकिन यह यात्रा नहीं, बल्कि आंख सेंकने की तैयारी है।” लालू के इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। इसके अलावा, 2025 में एनडीए सरकार बनने के मुख्यमंत्री के दावे पर भी लालू ने तंज कसते हुए कहा, “पहले अपनी आंख सेंक लें, फिर चुनाव की बात करें।”

क्या है महिला संवाद यात्रा?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही राज्यव्यापी महिला संवाद यात्रा पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा के तहत वह बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर महिलाओं से संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं और सरकार के प्रति उनके विचार जानना है। साथ ही, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं का रुख समझने की कोशिश की जाएगी।

तेजस्वी यादव ने भी साधा निशाना

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी इस यात्रा पर सवाल उठाते हुए इसे “फिजूलखर्ची” करार दिया है। तेजस्वी ने कहा, “सरकार जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा राजनीतिक यात्रा पर बर्बाद कर रही है। मुख्यमंत्री की यह 15 दिन की यात्रा करोड़ों रुपये की बर्बादी है, जो जनता के साथ अन्याय है।”

I.N.D.I गठबंधन पर भी बोले लालू

इस दौरान लालू प्रसाद ने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I में नेतृत्व को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “गठबंधन की कमान ममता बनर्जी को सौंप देनी चाहिए। कांग्रेस की आपत्ति से कुछ नहीं होगा। ममता इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *