अस्मिता खेलों इंडिया नेशनल में पांच खिलाड़ियों का चयन
मुंगेर। जिले के लिए गर्व का क्षण है, जब अस्मिता खेलों इंडिया वूमेंस खो-खो लीग इंटर जोन (सब-जूनियर एवं जूनियर) नेशनल चैंपियनशिप 2024 में मुंगेर की पांच महिला खिलाड़ियों ने बिहार टीम में स्थान बनाया है। रिया रानी, सोनम कुमारी, रिया कुमारी, इशान्वी अनघ और गरिमा विश्वकर्मा का चयन इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
यह चैंपियनशिप बिहार स्टेट स्पोर्ट्स ऑथोरिटी और खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन गोपालगंज की देखरेख में आयोजित हो रही है। यह पहला मौका है जब बिहार टीम इस चैंपियनशिप में भाग ले रही है।
इस उपलब्धि की जानकारी मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, मुख्यमंत्री अवार्डी हरिमोहन सिंह ने दी। उन्हें इस टीम के मैनेजर का भी दायित्व सौंपा गया है। हरिमोहन सिंह ने बताया कि मुंगेर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से राज्य और जिले का नाम रोशन कर रही हैं।
खिलाड़ियों के चयन पर संत मैरी इंग्लिश स्कूल संग्रामपुर के प्रिंसिपल जिन्स के एलोशियस और डायरेक्टर रोज़मिन के वर्गीज ने प्रसन्नता व्यक्त की। इसके अलावा, मुंगेर जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष, जिला प्रशासन, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन और अन्य खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों ने इन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मुंगेर के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से नेशनल चैंपियनशिप में बिहार का परचम लहराएंगी और जिले का गौरव बढ़ाएंगी।