कला और खेल के लिए समर्पित प्रयासों को सराहना
मुंगेर। बिहार के खेल और सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक हरिमोहन सिंह को महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित 10वीं बैटल स्पोर्ट्स डांस चैंपियनशिप 2024-25 के दौरान सम्मानित किया गया।

यह सम्मान भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं सेंटर) की पूर्व कार्यकारी निदेशक और अर्जुन अवॉर्डी रचना गोविल, बैटल स्पोर्ट्स डांस फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष चेतन पगवाड़ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रदान किया गया। हरिमोहन को यह सम्मान बिहार में कला, संस्कृति और खेलों को बढ़ावा देने के लिए उनके निस्वार्थ प्रयासों के लिए दिया गया।

महिला और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए समर्पित प्रयास
हरिमोहन सिंह पिछले आठ वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर महिला और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सक्रिय हैं। वर्तमान में वे बिहार स्टेट बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन के महासचिव, मुंगेर जिला एसोसिएशन ऑफ पीडब्ल्यूडी के अध्यक्ष और योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ मुंगेर के सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान
हरिमोहन सिंह ने न केवल खेलों में अपनी प्रतिभा के बल पर देश का नाम रोशन किया, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी अहम योगदान दिया है। वे पूर्व में बिहार के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों के हाथों सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें आठ राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं, और वे बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मुंगेर जिले के पीडब्ल्यूडी ब्रांड एंबेसडर भी रहे।

खेलों को नई ऊंचाई पर ले जाने की प्रतिबद्धता
बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस खेल को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और एशियन बैटल स्पोर्ट्स डांस फेडरेशन द्वारा मान्यता प्राप्त है।

सम्मानित होने पर हरिमोहन सिंह ने कहा, “कला, संस्कृति और खेलों को बढ़ावा देना ही मेरा मुख्य उद्देश्य है। मैं समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के विकास के लिए काम करता रहूंगा।”

उनकी इस उपलब्धि पर मुंगेर जिला के प्रशासनिक अधिकारियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *