मुख्यमंत्री के दौरे पर सर्वदलीय संघर्ष समिति का विरोध प्रदर्शन , सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी

मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन, किला गेट पर रोके गए प्रदर्शनकारी, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

मुंगेर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान शुक्रवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बाढ़ राहत राशि घोटाले, स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनआक्रोश, वासगीत पर्चा वितरण, जर्जर सड़कों के निर्माण, पुलिसिया ज्यादती और जिला प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और एएसपी के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें किला गेट पर रोक दिया। इसके बाद संघर्ष समिति के नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

बाढ़ राहत घोटाले और स्मार्ट मीटर पर भड़का गुस्सा

सर्वदलीय संघर्ष समिति के संयोजक एवं सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव, सीपीआई नेता दिलीप कुमार, वीआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष जफर अहमद, राजद के उपाध्यक्ष आदर्श कुमार राजा, जाप के जिला अध्यक्ष पप्पू यादव, जन सुराज के संरक्षक दिनेश कुमार सिंह और बसपा के जिला प्रभारी कृष्णानंद राऊत के नेतृत्व में सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने “बाढ़ राहत घोटाले की जांच करो, स्मार्ट मीटर वापस लो, जिला पदाधिकारी का तबादला करो, भूमिहीनों को वासगीत पर्चा दो” जैसे नारे लगाए।

नेताओं ने कहा कि बिहार सरकार की प्रगति यात्रा महज दिखावा है और सरकारी धन की बर्बादी का माध्यम बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंगेर में प्रशासनिक भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने, बाढ़ राहत राशि में गड़बड़ी और पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के नाम पर की जा रही ज्यादती को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।

इमाम फिरोज हत्याकांड की जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने जमालपुर में वाहन जांच के दौरान इमाम फिरोज की हुई मौत को पुलिसिया बर्बरता करार दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने सदर अंचल पदाधिकारी की संपत्ति की जांच कराने और वर्तमान जिला पदाधिकारी के तबादले की भी मांग की।

प्रशासन को चेतावनी, आंदोलन होगा तेज

संघर्ष समिति के नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी वर्ष में जनता को गुमराह करने के लिए इस यात्रा का आयोजन कर रहे हैं, लेकिन जनता अब उनके झूठे वादों में फंसने वाली नहीं है।

प्रदर्शन में कई नेताओं की भागीदारी

इस विरोध प्रदर्शन में जाप के प्रदेश महासचिव फैसल अहमद रूमी, सपा जिला उपाध्यक्ष रामनाथ राय, प्रधान महासचिव मनोज कुमार मधुकर, सीपीआई के प्रभारी सचिव विजय रजक, मिथिलेश यादव, अशोक भारत, मो. आजम, विपिन यादव, संजय यादव, गोपाल वर्मा, सुरेंद्र यादव, अमित कश्यप, अशोक शर्मा, रामजी महतो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *