जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प, सपाध्यक्ष बोले— शोषितों की आवाज दबने नहीं देंगे
मुंगेर। समाजवादी पार्टी की ओर से सोमवार को महान समाजवादी नेता एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 37वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बेलन बाजार स्थित अस्थायी कार्यालय में जिला अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान सपा नेताओं ने जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और प्रशासनिक शोषण के खिलाफ लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया।
“भ्रष्टाचार चरम पर, लेकिन हम चुप नहीं बैठेंगे”— सपा अध्यक्ष
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंगेर में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। समाहरणालय से लेकर प्रखंड और अंचल कार्यालय तक रिश्वतखोरी का बोलबाला है। गरीबों, मजदूरों और किसानों को न्याय नहीं मिल रहा है, जबकि प्रशासन कार्रवाई के नाम पर कमजोरों को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा, “सदर और जमालपुर के सीओ तथा आरओ खुलेआम जनता का शोषण कर रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष आंख मूंदे बैठा है। हम समाजवादी कार्यकर्ता ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को माकूल जवाब देंगे और यही जननायक कर्पूरी ठाकुर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
“जनता बेहाल, सरकार के नेता फंडिंग यात्रा में व्यस्त”
लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने जीवनभर गरीबों और पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़ी, लेकिन आज उन्हीं के नाम पर राजनीति करने वाले जनहित से दूर हैं। उन्होंने कहा, “प्रगति यात्रा के नाम पर फंडिंग यात्रा चल रही है, जबकि जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। सरकारी कार्यालयों में आम आदमी को न्याय नहीं मिल रहा, उल्टा उन्हें धमकाकर भगा दिया जाता है।”
कार्यक्रम का संचालन सपा प्रधान महासचिव मनोज कुमार मधुकर ने किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ अपनी जान की बाजी लगाकर भी संघर्ष करेंगे और भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने के लिए मैदान में डटे रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ नेता
इस अवसर पर महिला सभा अध्यक्ष रंजना अराफात, जिला उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव अशोक भारत, सचिव संजय यादव, मुंगेर नगर अध्यक्ष मो. आजम, जमालपुर नगर अध्यक्ष अमरशक्ति, धरहरा अध्यक्ष नीरज यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, मथुरी यादव, गोपाल वर्मा, सुधीर गुप्ता, सत्यजीत पासवान, कालेश्वर महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।