एफओएसटीआईआईएमए बिजनेस स्कूल के चेयरमैन अनिल सोमानी ने साझा किए अनुभव

पटना, 19 मार्च 2025 – सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के प्लेसमेंट सेल द्वारा बुधवार को “शैक्षणिक और उद्योग जगत के बीच की खाई को पाटना” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एफओएसटीआईआईएमए बिजनेस स्कूल के चेयरमैन अनिल सोमानी ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।

करीब 40 वर्षों का विविध औद्योगिक अनुभव रखने वाले श्री सोमानी ने फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल और प्रबंधन परामर्श जैसे क्षेत्रों में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को करियर विकास, उद्योग की अपेक्षाओं और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उनके द्वारा टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप से लेकर एक फार्मास्यूटिकल कंपनी को आर्थिक संकट से उबारने तक की प्रेरक यात्रा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

सत्र के दौरान प्लेसमेंट सेल के प्रमुख पियूष रंजन सहाय ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने श्री सोमानी से अपने करियर को लेकर सवाल पूछे और उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन छात्रों को उद्योग जगत के दिग्गजों से जुड़ने और व्यावसायिक कौशल को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

 

रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *