मुंगेर में लगेगा खेलों इंडिया यूथ गेम्स खो-खो का विशेष प्रशिक्षण शिविर
12 अप्रैल से शुरू होगा कैंप, चयनित बालक-बालिकाओं को NIS कोच देंगे प्रशिक्षण
मुंगेर। बिहार में खेल प्रतिभाओं को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुंगेर के इंडोर स्टेडियम में 12 अप्रैल से खेलों इंडिया यूथ गेम्स खो-खो प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की जा रही है। यह शिविर 3 मई 2025 तक चलेगा, जिसमें राज्य के चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी कोचों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण व खो-खो एसोसिएशन का संयुक्त आयोजन
इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। बिहार बालक टीम को पुरुष NIS कोच विनय कुमार जयसवाल और बालिका टीम को महिला NIS कोच सपना पांडेय प्रशिक्षण देंगी। यह जानकारी मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव व जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के संस्थापक और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरिमोहन सिंह ने दी।
23 मार्च को चयनित हुए थे खिलाड़ी
हरिमोहन सिंह ने बताया कि ये सभी खिलाड़ी 23 मार्च 2025 को पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कंकड़बाग, पटना में आयोजित ओपन सेलेक्शन ट्रायल के आधार पर चयनित किए गए हैं। अब उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने हेतु यह विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन कर रहा है युद्धस्तर पर तैयारियां
शिविर की सफल आयोजन को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। इंडोर स्टेडियम परिसर को खिलाड़ियों की सुविधा अनुसार सजाया-संवारा जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के रहने, खाने और खेल अभ्यास के सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
खो-खो को मिलेगा नया आयाम
यह आयोजन न केवल मुंगेर जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि इससे राज्य में खो-खो खेल को नया आयाम मिलेगा। इससे जुड़ी प्रतिभाओं को एक मंच मिलेगा, जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन कर सकें।
रिपोर्ट: TWM News ब्यूरो, मुंगेर