जमालपुर में आनंद पूर्णिमा पर शुरू हुआ 72 घंटे का अखंड कीर्तन, योग सत्र में बच्चों को मिला व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण
पूर्व रेलवे इंटर कॉलेज में हुआ योग-ध्यान और नृत्य प्रदर्शन का आयोजन

जमालपुर। श्री श्री आनंदमूर्ति जी के जन्मोत्सव आनंद पूर्णिमा के अवसर पर जमालपुर स्थित ओलीपुर जागृति मधु मंजुल में गुरुवार सुबह 5:45 बजे से 72 घंटे का अखंड नाम कीर्तन प्रारंभ हुआ, जो 12 मई की सुबह तक अनवरत जारी रहेगा। बिहार के कोने-कोने से श्रद्धालु इस महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए जमालपुर पहुंच रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व रेलवे इंटर महाविद्यालय में आनंद मार्ग प्रचारक संघ द्वारा एक विशेष योग एवं व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षक आचार्य कल्याणमित्रानंद अवधूत द्वारा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों से प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे आसनों और ध्यान के माध्यम से मस्तिष्क की कार्यक्षमता को बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ग्लैड्यूलर एक्सरसाइज और विशेष आसनों के अभ्यास से बच्चों की स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। इस दौरान कौशिकी नृत्य का भी अभ्यास कराया गया, जिससे 22 प्रकार के रोगों से निजात मिल सकती है। वहीं भगवान शिव द्वारा प्रदत्त तांडव नृत्य का भी प्रदर्शन किया गया, जो केवल पुरुषों के लिए है और जिसके नियमित अभ्यास से 42 रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। यह एकमात्र ऐसा व्यायाम बताया गया जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक तीनों स्तर पर लाभकारी है।

कार्यक्रम में राजेश कुमार, गौरव कुमार एवं पीयूष आनंद ने विभिन्न आसनों और नृत्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से पीयूष आनंद के तांडव प्रदर्शन से बच्चों में नया उत्साह देखा गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से ध्यान कराया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः शांत और सकारात्मक हो गया।

विद्यालय के शिक्षकगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और उन्होंने इस आयोजन को अत्यंत लाभकारी और प्रेरणादायी बताया।

— संवाददाता
TWM News, मुंगेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *