प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
हवेली खड़गपुर | संवाददाता

जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने शनिवार को अचानक हवेली खड़गपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और उपस्थित अधिकारियों से जरूरी जानकारी हासिल की।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व अभिलेखों की जांच की और कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अंचल कर्मियों की हड़ताल के चलते कई कार्यों पर असर पड़ा है, बावजूद इसके जमाबंदी एवं बंदोबस्ती जैसे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सामान्य म्यूटेशन मामलों का निष्पादन 35 दिनों के भीतर तथा अन्य मामलों में 75 दिनों की समय सीमा तय की गई है। साथ ही विशेष शिविरों में प्राप्त आवेदनों — जैसे कि जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड आदि — का भी समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनता के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी पदाधिकारी या कर्मी की शिकायत प्रमाण के साथ प्राप्त होती है, तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार रौशन, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, प्रभारी अंचलाधिकारी उमेश शर्मा, राजस्व पदाधिकारी आशीष यादव, कल्याण पदाधिकारी रमेश कुमार, बीपीआरओ मनोज कुमार, सीडीपीओ, नाजिर सहित कई अन्य प्रखंड एवं अंचलकर्मी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *