बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो महिलाओं को हर माह ₹2500 देगी कांग्रेस : अल्का लाम्बा
‘मैं बहन मान’ योजना के तहत गरीब और वंचित वर्ग की महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ, कांग्रेस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पटना। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने महिलाओं को साधने की रणनीति तेज कर दी है। बुधवार को पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अल्का लाम्बा ने एलान किया कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो राज्य की वंचित और जरूरतमंद महिलाओं को ₹2500 की मासिक सहायता दी जाएगी। यह योजना ‘मैं बहन मान’ के नाम से लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना महागठबंधन की साझा पहल है, जिसकी रूपरेखा राजद नेता तेजस्वी यादव पहले ही रख चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और गठबंधन दलों की सरकारें पहले भी कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में ऐसी योजनाएं सफलतापूर्वक चला चुकी हैं।
महिलाओं के लिए मोबाइल रजिस्ट्रेशन सुविधा
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि योजना के प्रचार-प्रसार और पात्र महिलाओं तक पहुंचने के लिए पूरे राज्य में फार्म बांटे जाएंगे। गठबंधन कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं का फार्म भरवाएंगे। इसके साथ ही, कांग्रेस ने एक मोबाइल नंबर — 8800023525 — भी जारी किया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर महिलाएं योजना में रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।
बिहार सरकार पर साधा निशाना
अल्का लाम्बा ने वर्तमान एनडीए सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि “बिहार की मौजूदा सरकार महिलाओं के कल्याण को लेकर पूरी तरह उदासीन है। ₹400 की जो नाममात्र राशि दी जाती है, वो भी समय पर नहीं मिलती। ग्रामीण इलाकों की महिलाएं बदहाल स्थिति में हैं और महिला अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है।”
राजनीतिक बयानबाज़ी तेज
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने साफ किया कि ‘मैं बहन मान’ योजना महागठबंधन की सामूहिक योजना है, न कि किसी एक पार्टी की। उन्होंने कहा कि हाल ही में गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक में इस योजना को लेकर निर्णय लिया गया था। राजेश राम ने कहा, “तेजस्वी यादव द्वारा भी पहले इस योजना की घोषणा की गई थी, लेकिन अब यह महागठबंधन की साझा योजना बन चुकी है और इसे पूरी मजबूती के साथ लागू किया जाएगा।”
वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस के एलान को चुनावी स्टंट बताया और कहा कि “महागठबंधन की पार्टियाँ सिर्फ श्रेय लेने की होड़ में लगी हैं, असल में ये जनता को गुमराह कर रही हैं।”