जन सुराज की पेंशन घोषणा से डरे नीतीश, अब 1100 रुपये दे रहे हैं: किशोर मुन्ना
मुंगेर में प्रमंडलीय चुनाव समिति की बैठक में जन सुराज नेता का बयान

मुंगेर, 21 जून।
जन सुराज पार्टी के प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने शनिवार को मुंगेर में आयोजित प्रमंडलीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वृद्धावस्था पेंशन में हालिया वृद्धि केवल चुनावी स्वार्थ से प्रेरित है।

किशोर मुन्ना ने कहा कि, “नीतीश कुमार पिछले दो दशकों से मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन्हें अब जाकर बुजुर्गों की याद आई है। जब जन सुराज ने दिसंबर 2025 से पेंशन को 2000 रुपये करने का वादा किया, तब जाकर नीतीश सरकार ने भी दबाव में आकर इसे 1100 रुपये कर दिया। यह हमारी नीति की जीत है, लेकिन जनता अब झांसे में नहीं आने वाली।”

उन्होंने बताया कि जन सुराज पार्टी ने पूरे बिहार को 12 प्रमंडलों में बांटकर चुनावी रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। मुंगेर, बांका, भागलपुर और जमुई को मिलाकर एक प्रमंडल बनाया गया है, जिसकी बैठक आज संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हर विधानसभा सीट पर संगठन को मजबूत करना और पार्टी के पांच प्रमुख संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाना है।

जन सुराज की प्रमुख घोषणाएं:

  • दिसंबर 2025 से वृद्धावस्था पेंशन ₹2000 प्रति माह
  • 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की निजी स्कूलों की फीस सरकार देगी
  • छठ के बाद कोई युवा मज़दूरी के लिए बाहर नहीं जाएगा

किशोर मुन्ना ने शिक्षा को लेकर भी बड़ा वादा करते हुए कहा कि, “जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होता, तब तक सरकार निजी स्कूलों में गरीब बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी। कोई भी बच्चा अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा।”

बैठक में प्रमंडलीय समिति के संयोजक अमित विक्रम, सह-संयोजक राकेश यादव, सदस्य संजय सिंह, निरंजन निषाद, समीर मधुकर, पंकज झा, काशीनाथ चौधरी एवं जिला प्रवक्ता कुंवर चंद्रेश सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

किशोर मुन्ना ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि “जन सुराज एक राजनीतिक विकल्प नहीं, एक नई व्यवस्था का आंदोलन है। नीतीश कुमार की घोषणाएं जन सुराज के बढ़ते प्रभाव का परिणाम हैं, लेकिन अब बिहार की जनता सच्चे बदलाव के लिए तैयार है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *