अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर किया बड़ा हमला, ट्रंप ने की पुष्टि
— फोर्डो, नतांज़ और इस्फहान पर गिराए गए बम; ऑपरेशन के बाद ट्रंप ने कहा – अब शांति का समय है

वॉशिंगटन/तेहरान। विशेष संवाददाता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों – फोर्डो, नतांज़ और इस्फहान – पर सफलतापूर्वक हवाई हमला किए जाने की पुष्टि की है। ट्रंप ने रविवार देर रात अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से बयान जारी करते हुए कहा कि “हमने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर अपना बहुत सफल हमला पूरा कर लिया है।”

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के युद्धक विमानों ने फोर्डो साइट पर “पूर्ण मात्रा में बम” गिराए और सभी विमान सुरक्षित रूप से ईरान की हवाई सीमा से बाहर निकल चुके हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को अमेरिका की सैन्य शक्ति का उदाहरण बताते हुए कहा, “दुनिया में ऐसा कोई दूसरा सैन्य बल नहीं है, जो यह कर सकता था। अब शांति का समय है!”

इस कार्रवाई के तुरंत बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस हमले को “शांति की ओर एक कदम” बताया है, लेकिन पश्चिमी एशिया में एक बड़े संघर्ष की आशंका गहराती जा रही है।

ईरान की प्रतिक्रिया का इंतजार

अभी तक ईरानी सरकार की ओर से इस हमले पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान में आपात बैठकें चल रही हैं और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

ऑपरेशन का खुलासा ट्रंप के शब्दों में

अपने पोस्ट में ट्रंप ने लिखा—
“हमने फोर्डो पर पूरा बमवर्षा की है। सभी विमान सुरक्षित बाहर निकल चुके हैं और हमारे महान अमेरिकी योद्धा घर की ओर लौट रहे हैं। इस अद्वितीय मिशन को अंजाम देने के लिए मैं हमारे योद्धाओं को बधाई देता हूँ। अब शांति का समय है।”

परमाणु विवाद की पृष्ठभूमि

ज्ञात हो कि ईरान का फोर्डो, नतांज़ और इस्फहान – तीनों स्थल उसके परमाणु कार्यक्रम के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। पश्चिमी देश लंबे समय से ईरान पर गुपचुप तरीके से परमाणु हथियार विकसित करने का आरोप लगाते रहे हैं, जिसे तेहरान नकारता आया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *