सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज में दूसरे वर्ष के छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रहित में नियमों की दी जानकारी, भविष्य की पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

पटना, 8 जुलाई।
सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, पटना में मंगलवार को दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को नए शैक्षणिक सत्र की दिशा और संरचना से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के रेक्टर फादर डॉ. जोसेफ सेबास्टियन एसजे, प्राचार्य फादर डॉ. मार्टिन पोरस एसजे, उप-प्राचार्य फादर डॉ. शैरी जॉर्ज एसजे तथा परीक्षा नियंत्रक फादर डॉ. एल्फोंस सेबास्टियन एसजे के प्रेरणास्पद संबोधनों से हुई। उन्होंने छात्रों को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं और कॉलेज की शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्राचार्य फादर डॉ. मार्टिन पोरस ने कहा, “कॉलेज न केवल एकेडमिक उत्कृष्टता का केंद्र है, बल्कि यहां विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक और संपूर्ण व्यक्तित्व के रूप में विकसित होने के अवसर भी दिए जाते हैं।” वहीं, अन्य अधिकारियों ने विश्वविद्यालय के नियम, आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली, समय-सारणी, परीक्षा प्रक्रिया, और छात्र हित से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दी।

सत्र को संवादात्मक रूप में रखा गया, जिसमें छात्रों ने अपने प्रश्न रखे और शिक्षकों से समाधान प्राप्त किए। कॉलेज प्रबंधन का यह प्रयास छात्रों को नए सत्र के लिए मानसिक रूप से तैयार करने और उन्हें उद्देश्यपूर्ण शिक्षा पथ पर अग्रसर करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल जानकारीपूर्ण था, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और उद्देश्य के साथ नए शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत करने की प्रेरणा भी मिली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *