नीतीश कुमार से नहीं संभल रहा बिहार, बेटे को मुख्यमंत्री बनाएं – राबड़ी देवी का तीखा हमला
विधान परिषद में विपक्ष की नेता का बड़ा बयान, वोटर लिस्ट से नाम हटाने पर भी साधा निशाना
पटना।
बिहार की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब राज्य की बागडोर नीतीश से नहीं संभल रही है। उन्होंने सीएम को सलाह देते हुए कहा कि वह अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना दें क्योंकि अब बिहार को युवा नेतृत्व की जरूरत है।
राबड़ी देवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, “राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। अपराध बेलगाम हो चुका है। हर जिले से अपराध की खबरें आ रही हैं। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री ही नहीं, गृह विभाग भी संभालते हैं, बावजूद इसके स्थिति बिगड़ती जा रही है।”
‘निशांत को सीएम बना दें नीतीश’ – राबड़ी देवी का सुझाव
राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को तंज कसते हुए कहा कि अगर अब उनसे राज्य नहीं संभल रहा है तो बेहतर होगा कि वे अपने बेटे निशांत को मुख्यमंत्री बना दें। उन्होंने कहा, “उनका बेटा युवा है, उनमें नेतृत्व की क्षमता होगी, इस उम्र में राज्य को समझने और संभालने की ताकत भी होगी। नीतीश जी को अब अपने उत्तराधिकारी के बारे में सोचना चाहिए।”
वोटर लिस्ट से नाम हटाने पर भी उठाए सवाल
सिर्फ सरकार पर ही नहीं, राबड़ी देवी ने चुनाव आयोग पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वोटर लिस्ट से जानबूझकर नाम हटाए जा रहे हैं। “करीब तीन करोड़ लोग कामकाज के सिलसिले में बिहार से बाहर हैं, बरसात के इस मौसम में जब लोग गांव से बाहर हैं, तो ऐसे समय में वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण कराया जा रहा है। यह साजिश का हिस्सा लगता है,” राबड़ी देवी ने कहा।
राबड़ी देवी ने भारत सरकार और चुनाव आयोग से इस प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि इसे नहीं रोका गया, तो बाहर रह रहे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होगा।
सदन में SIR को लेकर हंगामा
विधान परिषद में सत्र के पहले दिन ही ‘SIR’ मुद्दे को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सदन में भारी हंगामे के बीच कार्यवाही को कुछ देर के लिए स्थगित भी करना पड़ा।
बिहार की राजनीति में राबड़ी देवी के इस बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। क्या यह केवल नीतीश सरकार पर हमला है या आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आरजेडी की नई रणनीति का संकेत – यह आने वाला समय बताएगा।
(TWM न्यूज के लिए रिपोर्ट – पटना ब्यूरो)