ऑपरेशन महादेव में बड़ी सफलता : पहलगाम हमले के तीन संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकी ढेर
लिडवास के जंगलों में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ का साझा अभियान, पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड माने जा रहे थे आतंकी

श्रीनगर, 
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। केंद्रीय कश्मीर के श्रीनगर जिले के दारा इलाके के लिडवास जंगलों में सोमवार तड़के चलाए गए ‘ऑपरेशन महादेव’ में तीन संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया। यह आतंकी हाल ही में पहलगाम में हुए भीषण हमले के पीछे माने जा रहे थे, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी।

गोपनीय इनपुट के आधार पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह लिडवास के ऊपरी इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया था। सेना की चिनार कोर ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “जनरल एरिया लिडवास में संपर्क स्थापित। ऑपरेशन जारी है।”

कुछ घंटों की तलाशी के बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। जवानों की रणनीतिक घेराबंदी के चलते सभी तीन आतंकी मारे गए। सूत्रों के अनुसार, मारे गए आतंकी विदेशी नागरिक थे और उनके संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी गुटों से बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यही आतंकी पहलगाम हमले की योजना और क्रियान्वयन में शामिल थे।

सुरक्षा एजेंसियां अब इलाके में सर्च ऑपरेशन के अंतिम चरण में हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और आतंकी इलाके में छिपा न हो। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है। इसके अलावा, मारे गए आतंकियों की पहचान और नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *