हवेली खड़गपुर में बदमाश बेखौफ, महिला से छिनतई और डिक्की तोड़कर नकदी उड़ाई

हवेली खड़गपुर। अनुमंडल क्षेत्र में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में बदमाशों ने कुल एक लाख बीस हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। पहली घटना में बैंक से पैसा निकालकर लौट रही एक महिला को बदमाशों ने निशाना बनाया, वहीं दूसरी घटना में मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर मोटी रकम चोरी कर ली गई।

पहली वारदात नंदलाल बोस चौक के पास घटी। जानकारी के अनुसार, दरियापुर स्थित संथाली मध्य विद्यालय की शिक्षिका पार्वती देवी बैंक से पचास हजार रुपये निकालकर थैले में रखकर घर जा रही थीं। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और मौके का फायदा उठाकर महिला के हाथ से थैला झपट लिया। महिला के शोर मचाने के बावजूद अपराधी बरियारपुर की ओर फरार हो गए।

दूसरी घटना पुरानी चौक पर हुई। पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव अपनी मोटरसाइकिल लगाकर पास की दुकान से सामान खरीद रहे थे। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक की डिक्की का ताला तोड़कर उसमें रखे सत्तर हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

दोनों पीड़ितों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इधर, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा दोपहिया वाहनों की सघन जांच का आदेश जारी किया गया था, लेकिन खड़गपुर में इसका कोई असर नहीं दिख रहा। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *