मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी हिरासत में
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एक शख्स ने अचानक हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया और पुलिस हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खीमजी भाई साकड़िया के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पहले कुछ कागज मुख्यमंत्री को सौंप रहा था, जिसके बाद अचानक चिल्लाने-चिल्लाने लगा और हाथापाई करते हुए हमला कर बैठा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “हमला पूरी तरह से निंदनीय है। मुख्यमंत्री जनसुनवाई के दौरान जनता से सीधे संवाद करती हैं और उनकी लोकप्रियता विपक्ष को असहज करती है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि इस घटना से वह आहत और हैरान हैं।
दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया और कहा कि “कुछ ताकतें चाहती हैं कि मुख्यमंत्री जनता से न मिलें। यह घटना उसी का परिणाम लगती है।” वहीं मंत्री कपिल मिश्रा ने हमलावर को “कायर और अपराधी” बताया और कहा कि “दिल्ली की बेटी और दिल्ली की सेवा में जुटी महिला पर हमला असहनीय अपराध है।”
घटना की प्रत्यक्षदर्शी अंजलि ने बताया, “मैं मौके पर मौजूद थी। वह व्यक्ति पहले सामान्य बात कर रहा था और अचानक उसने थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस तुरंत उसे पकड़कर ले गई।”
इस बीच दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि मुख्यमंत्री तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री और आप विधायक आतिशी ने भी बयान जारी कर कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध की गुंजाइश है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की तहकीकात में जुटी है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) खुद मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और पूरी स्थिति की समीक्षा की।