हर गली, हर मैदान – खेलों से खिलेगा हिंदुस्तान
मुंगेर में तीन दिवसीय खेल महोत्सव 29 से 31 अगस्त तक

मुंगेर। अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद्र की जयंती के अवसर पर मुंगेर जिला प्रशासन द्वारा 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देना है।

जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता पोलो ग्राउंड और इनडोर स्टेडियम के प्रांगण में आयोजित होगी। इसमें जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ कॉलेजों के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी भी भाग लेंगे।

आयोजन की शुरुआत 29 अगस्त की सुबह 6 बजे पोलो ग्राउंड से होगी, जहां खिलाड़ियों को शपथ दिलाई जाएगी और भारत रत्न मेजर ध्यानचंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, खो-खो, वाद-विवाद, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कबड्डी, डांस स्पोर्ट्स, ताइक्वांडो और योग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही हीरो एशियन पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण भी खिलाड़ियों को दिखाया जाएगा।

विशेष आकर्षण के रूप में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स और 31 अगस्त को दो किलोमीटर की साइक्लिंग रेस भी आयोजित की जाएगी।

खेल पदाधिकारी ने सभी खेल संघों से इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है। इच्छुक प्रतिभागियों को जिला खेल कार्यालय से अधिक जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

👉 नारा भी गूंजेगा – खेले भी… खिले भी… खेलेगा देश… खिलेगा देश…


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *