नेपाल बॉर्डर से घुसे जैश के आतंकी, बिहार में हाई अलर्ट

पटना,
बिहार पुलिस ने गुरुवार को पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन संदिग्ध आतंकी नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में दाखिल हुए हैं।

पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के मुताबिक संदिग्ध आतंकियों के नाम हसनैन अली (रावलपिंडी), आदिल हुसैन (उमरकोट) और मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर) बताए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू पहुँचे थे और पिछले सप्ताह बिहार की सीमा में प्रवेश कर गए।

राज्य पुलिस मुख्यालय ने तीनों के पासपोर्ट संबंधी विवरण सीमावर्ती जिलों की पुलिस इकाइयों को भेज दिए हैं। सभी जिलों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

खुफिया रिपोर्ट्स के बाद सीमांचल और नेपाल बॉर्डर से लगे जिलों—मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण—में गश्त और निगरानी को और सख़्त किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीमा पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं और ग्रामीण इलाकों में चौकसी बढ़ाई गई है।

बिहार की नेपाल से लगभग 729 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है, जो आतंकियों और तस्करों के लिए आसान रास्ता मानी जाती है। सात जिलों की सीधी सीमा नेपाल से लगती है, जिससे लगातार चौबीसों घंटे निगरानी करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

 

 


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *