अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘रस-रंग’ ने आयोजित की खेलकूद प्रतियोगिता, 150 बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

पटना, 8 मार्च:
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था रस-रंग, पटना द्वारा रविवार की सुबह मानिकचंद तालाब परिसर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 8 बजे संस्था के अध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी प्यारेलाल, संस्था के संरक्षक ठाकुर राम अशीष प्रसाद तथा संस्था के सचिव राज कपूर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में बच्चों में मोबाइल का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे वे खेलकूद और बाहरी गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों के लिए एक घातक बीमारी की तरह बनता जा रहा है। संस्था का उद्देश्य खेलकूद के माध्यम से बच्चों में रुचि जागृत करना है ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके और वे भविष्य में देश का गौरव बढ़ा सकें।

वहीं समाजसेवी प्यारेलाल ने कहा कि यदि सरकार हर एक किलोमीटर पर खेल मैदान का निर्माण कराए, तो यह राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान साबित होगा। संस्था के संरक्षक राम अशीष प्रसाद ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि हर क्षेत्र में गार्डन और पार्क बनने से बच्चों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोगों को व्यायाम और स्वस्थ जीवन का अवसर मिलेगा, जिससे मानसिक तनाव भी कम होगा।

संस्था के सचिव राज कपूर ने कहा कि संस्था पिछले दस वर्षों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और आगे भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। वहीं कोषाध्यक्ष साहिल सिंह ने कहा कि संस्था समाज के हित में हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी कादर खान ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा पुरस्कार वितरण में सहयोग दिया।

प्रतियोगिता के अंत में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दौड़ प्रतियोगिता में करण कुमार ने प्रथम, शुभम कुमार ने द्वितीय और शाहबाज आलम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाई जंप में राजवर्धन प्रथम, करण राज द्वितीय और पीयूष कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
चम्मच दौड़ में आयशा सिंह प्रथम, विनीत वर्मा द्वितीय और मिस्टी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
गुब्बारा खेल में आयुष कुमार प्रथम, आर्य सिंह द्वितीय और आयशा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
मेंढक जंप में लकी कुमार प्रथम, वेनिका वर्मा द्वितीय और वीर तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम की सफलता में संस्था के सदस्य डॉ. शैलेश कुमार, नागेंद्र कुमार, सूरज कुमार, अमन कुमार, सौरभ कुमार, आयुष कुमार, शुभम, हर्षित तथा महिला सदस्यों पिंकी देवी, सोनी कुमारी, गुंजा देवी, मिकी कुमारी और अलका अस्थाना सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *