भारत-पाकिस्तान के बीच पूर्ण युद्धविराम पर सहमति, दोनों देशों की सेनाएं तुरंत रोकेंगी सैन्य कार्रवाई
अमेरिका की मध्यस्थता के बाद हुआ अहम समझौता, 12 मई को फिर होगी बातचीत
नई दिल्ली
भारत और पाकिस्तान ने शनिवार को अचानक ही बड़ा फैसला लेते हुए सीमा पर सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्णय लिया है। दोनों देशों के डीजीएमओ (सेना संचालन महानिदेशक) के बीच दोपहर 3:35 बजे हुई बातचीत के बाद यह सहमति बनी कि जमीन, समुद्र और आकाश— तीनों मोर्चों पर फौरन युद्धविराम लागू किया जाएगा। यह निर्णय शाम 5 बजे से लागू कर दिया गया।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शाम 6 बजे एक संक्षिप्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों की सेनाओं को इस आदेश का तत्काल पालन करने के निर्देश दे दिए गए हैं। भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ एक बार फिर 12 मई को दोपहर 12 बजे बातचीत करेंगे।
इस ऐलान के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर दावा किया कि यह पूर्ण युद्धविराम अमेरिका की मध्यस्थता का परिणाम है। उन्होंने लिखा, “भारत और पाकिस्तान ने पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमति जताई है। दोनों देशों को साधारण विवेक और उत्कृष्ट बुद्धिमत्ता के लिए बधाई!”
ट्रंप ने यह भी कहा कि बीती रात अमेरिका की ओर से लगातार उच्चस्तरीय बातचीत की गई, जिसमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उपराष्ट्रपति वांस ने भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से संपर्क साधा।
अमर शर्मा