कविताओं, मीडिया प्रेजेंटेशन और लोक नृत्य से सजी सांस्कृतिक संध्या
पटना – सेंट जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में शनिवार को बिहार दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलाम हॉल में हुए इस समारोह में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और योगदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:50 बजे बिहार दिवस के महत्व पर वक्तव्य के साथ हुई। इसमें राज्य के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय विकास में उसके योगदान को रेखांकित किया गया। इसके बाद छात्रों ने अपनी कविताओं के माध्यम से बिहार की महानता, संघर्ष और उपलब्धियों को अभिव्यक्त किया। उनकी भावपूर्ण पंक्तियों ने श्रोताओं को बिहार की माटी से जुड़ी संवेदनाओं से भर दिया।
इसके बाद एक विशेष मीडिया प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें बिहार की ऐतिहासिक उपलब्धियों, सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा को बड़े ही रोचक अंदाज में दर्शाया गया। प्रस्तुति में बिहार की विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और वर्तमान विकास यात्रा को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा एक ओजस्वी भाषण भी दिया गया, जिसमें बिहार की उपलब्धियों और युवा पीढ़ी के सपनों को रेखांकित किया गया। इसके बाद पुनः कवि-गोष्ठी का आयोजन हुआ, जहां छात्रों ने अपनी रचनाओं में बिहार की मिट्टी, मेहनतकश जनता और उसकी आत्मा को शब्दों में उकेरा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत पारंपरिक समूह नृत्य ने मंच पर जीवंतता भर दी। बिहार के लोक संगीत और नृत्य शैलियों पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक धुनों पर थिरकते कलाकारों ने बिहार की सांस्कृतिक झलक को सजीव कर दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनकी रचनात्मकता और उत्साह को सम्मानित किया गया। इससे छात्रों का मनोबल और उत्साह बढ़ा।
समापन पर कॉलेज प्रशासन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया, जिसमें सभी कलाकारों, शिक्षकों, आयोजकों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।
सेंट जेवियर्स कॉलेज में बिहार दिवस का यह आयोजन न सिर्फ राज्य की गौरवशाली विरासत को श्रद्धांजलि थी, बल्कि छात्रों में अपनी संस्कृति और जड़ों के प्रति गर्व का भाव भी जागृत कर गया।
रिपोर्ट: निहाल देव दत्ता