बिहार पुलिस में 19,838 सिपाहियों की भर्ती, महिलाओं के लिए 6,717 पद आरक्षित

पटना। बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 19,838 सिपाही पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इस बहाली में महिलाओं के लिए 6,717 पद आरक्षित किए गए हैं। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को सरदार पटेल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

18 मार्च से शुरू होंगे आवेदन

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 मार्च 2025 से शुरू होगी और अंतिम तिथि 18 अप्रैल 2025 तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹21,700 से ₹69,100 तक का मासिक वेतन मिलेगा।

आरक्षण व्यवस्था और पदों का बंटवारा

इस भर्ती प्रक्रिया में विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षित पद निम्नानुसार हैं:

  • सामान्य वर्ग (UR): 7,935 पद
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 1,983 पद
  • अनुसूचित जाति (SC): 3,174 पद
  • अनुसूचित जनजाति (ST): 199 पद
  • अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC): 3,571 पद
  • पिछड़ा वर्ग (BC) (ट्रांसजेंडर सहित): 2,381 पद
  • पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए (BCW): 595 पद
  • स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों के लिए क्षैतिज आरक्षण: 397 पद

50% पद गृहरक्षकों के लिए आरक्षित

इस भर्ती प्रक्रिया में आधे पद बिहार गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के लिए आरक्षित हैं, जिससे राज्य के गृहरक्षकों को सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

सरकारी नौकरी के संकल्प की ओर एक और कदम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 12 लाख सरकारी नौकरियां देने के संकल्प को पूरा करने के तहत यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। पुलिस विभाग में यह भर्ती कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *