भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार ने 150 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी करने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सिक्के का अनावरण 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर कर सकते हैं। इस ऐतिहासिक सिक्के का निर्माण मुंबई टकसाल में किया गया है, जो शुद्ध चांदी से निर्मित होगा और इसका वजन 40 ग्राम रखा गया है।

इस सिक्के के एक तरफ भगवान बिरसा मुंडा का चित्र अंकित है और इसके चारों ओर हिंदी में “भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती” लिखा गया है। इस सिक्के का व्यास 44 मिलीमीटर है, जो इसे विशेष बनाता है। सरकार का कहना है कि यह सिक्का आदिवासी नेता बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान की गाथा को जीवित रखने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी बिहार के जमुई जिले के बल्लोपुर गांव में आयोजित एक समारोह में इस स्मारक सिक्के का अनावरण करेंगे। इस मौके पर जनजातीय समुदाय के महानायक बिरसा मुंडा के योगदान को भी याद किया जाएगा। बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी जागरूकता का नेतृत्व करते हुए उलगुलान का शंखनाद किया था और उनके प्रयासों से आदिवासी चेतना में जागृति आई थी।

वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक गजट अधिसूचना जारी की है। यह स्मारक सिक्का आदिवासी समुदाय के बीच बिरसा मुंडा के “धरतीबा” के रूप में प्रसिद्ध सम्मान को संजोएगा और उनकी यादों को हमेशा के लिए जीवित रखेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *