नई दिल्ली

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर छठ महापर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। दिवाली के बाद श्रद्धालु छठ पूजा की तैयारियों में जुट गए हैं, वहीं दिल्ली में रह रहे पूर्वांचलवासी भी इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियों में लगे हैं। इन्हीं व्रतधारियों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए इस बार 7 नवंबर को छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखकर छठ महापर्व के दिन रिस्ट्रीक्टेड अवकाश को पूर्णकालिक सार्वजनिक अवकाश में बदलने का अनुरोध किया था। उन्होंने पत्र में कहा, “यह पर्व श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, जिसमें लाखों लोग भाग लेते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पण विशेष महत्व रखता है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली में 7 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश होना चाहिए।”

सीएम आतिशी ने एलजी के इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए त्वरित निर्णय लिया और आदेश जारी किया कि छठ महापर्व के अवसर पर 7 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश होगा। उन्होंने कहा, “यह फैसला उन सभी पूर्वांचलवासियों के लिए है जो इस महान पर्व को श्रद्धा के साथ मनाते हैं। मुझे यह बताते हुए गर्व है कि अब सभी पूर्वांचली भाई-बहन छठ पूजा में सम्मिलित हो सकेंगे।”

राजधानी में यमुना घाटों पर पूजा के विशेष इंतजाम भी किए जा रहे हैं, ताकि दिल्ली में रह रहे लोग अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठ का पर्व मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *