11 उग्रवादी ढेर
मणिपुर: जिरीबाम जिले के बोरबेकरा थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ और कुकी उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में कम से कम 11 उग्रवादी मारे गए। सूत्रों के अनुसार, कुकी उग्रवादियों ने पुलिस थाने पर अचानक हमला कर दिया और नजदीकी इलाके के कई घरों में आग लगा दी। घटना के दौरान सीआरपीएफ के कई जवान घायल हो गए।
इस मुठभेड़ की शुरुआत तब हुई जब उग्रवादियों ने बोरबेकरा स्थित पुलिस थाने पर दो दिशाओं से संगठित हमला किया। इस हमले के दौरान नजदीकी राहत शिविर भी खतरे में आ गया था, जहां विस्थापित लोग आश्रय लिए हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, उग्रवादी इलाके के एक किलोमीटर दूर स्थित जकुराडोर करोंग की ओर बढ़े, जहां उन्होंने स्थानीय बस्तियों को निशाना बनाते हुए आगजनी की। इसके बाद सीआरपीएफ जवानों ने मौके पर पहुँच कर उग्रवादियों से मुकाबला किया, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
हाल के दिनों में जिरीबाम जिले में हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। बीते शनिवार को ही हमार जनजाति की एक महिला की संदिग्ध मेइतेई उग्रवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इसके बाद, एक मेइतेई महिला को कुकी उग्रवादियों ने खेत में गोली मार दी। इसी हफ्ते, इम्फाल पूर्वी जिले में कुकी उग्रवादियों ने किसानों पर गोलीबारी की, जिसमें एक किसान घायल हो गया था।
अत्यधिक तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल है और वे अपने खेतों में लौटने से कतरा रहे हैं।