समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प
जिला मुख्यालय में हुआ कार्यक्रम, नेताओं ने कहा- लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक
भारतीय राजनीति के प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की 115वीं जयंती पर रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को आत्मसात करने और समाजवादी आंदोलन को मजबूती देने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया भारतीय राजनीति के अद्वितीय शिल्पकार थे, जिन्होंने गैर-कांग्रेसवाद का नारा दिया। वे मानते थे कि देश तभी समृद्ध होगा, जब जाति, धर्म, रंगभेद और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयां समाप्त होंगी। लेकिन वर्तमान समय में राजनीति इन्हीं कुरीतियों पर आधारित हो गई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
पार्टी के प्रधान महासचिव मनोज कुमार मधुकर ने कहा कि लोहिया स्वतंत्र भारत के पहले नेता थे, जिन्होंने विपक्ष की भूमिका को प्रभावी बनाया। उनका विद्रोही तेवर और विचारधारा आज भी भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत है।
लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि डॉ. लोहिया सत्ता के खिलाफ हमेशा मुखर रहे। वे आमजन के हक की आवाज को बुलंद करने वाले नेता थे। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही समाजवाद को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रामनाथ राय, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, मुंगेर नगर अध्यक्ष मो. आजम, जमालपुर नगर अध्यक्ष अमर शक्ति सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि लोहिया का संघर्ष आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सुरेश यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, मनीष यादव, छड़पन मंडल, मंगनी देवी, अशोक शर्मा और वीरेंद्र दास सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।