जिले में HIV (एड्स) के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। गोपालगंज में हर महीने 25 से 30 नए HIV पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले साल 283 नए मरीजों की पहचान हुई थी, जिनमें 26 गर्भवती महिलाएं और 3 थर्ड जेंडर भी शामिल थे।
गोपालगंज जिले में फिलहाल कुल 3100 HIV पॉजिटिव मरीज जीवित हैं, जिनका इलाज स्थानीय सदर अस्पताल के एआरटी सेंटर में किया जा रहा है। ये सभी मरीज नियमित रूप से एआरटी सेंटर से निशुल्क दवा ले रहे हैं। यह जानकारी गोपालगंज सदर अस्पताल के एआरटी सेंटर की काउंसलर पूनम ने दी। उन्होंने बताया कि जिले में हर साल एड्स के मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है, जो कि गंभीर चिंता का विषय है।
साल 2023 में, सामान्य महिला-पुरुषों में 283 नए एड्स के मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें 26 गर्भवती महिलाएं और 3 थर्ड जेंडर शामिल थे। इस वर्ष अब तक 312 नए मरीजों की पहचान की जा चुकी है। एआरटी सेंटर इन सभी मरीजों को नियमित रूप से दवा और परामर्श प्रदान कर रहा है। यहां पर HIV की मुफ्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मरीजों को समय पर निदान और उपचार मिल रहा है।
काउंसलर पूनम ने बताया कि जिले में ट्रक ड्राइवर और उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की नियमित जांच की जा रही है। साथ ही, HIV पॉजिटिव मरीजों के यौन संबंधी साथी, उनके बच्चों और उनसे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। अब तक 16,000 सामान्य महिला-पुरुषों और 11,000 गर्भवती महिलाओं का HIV टेस्ट किया जा चुका है, जिससे संक्रमण के फैलाव को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गोपालगंज में एड्स के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है, और एआरटी सेंटर द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि इस घातक बीमारी को नियंत्रित किया जा सके।