खिलाड़ियों के विकास में समर्पित, हरिमोहन को मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों द्वारा मिल चुका है सम्मान
मुंगेर के जाने-माने खेल प्रमोटर और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हरिमोहन सिंह को बिहार सबजूनियर बालक खो-खो टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह 28 सितंबर से 02 अक्टूबर 2024 तक सिमडेगा, झारखंड में आयोजित होने वाली 34वीं सबजूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बिहार की टीम का नेतृत्व करेंगे।
हरिमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी बिहार खो-खो एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा उनके खेल क्षेत्र में असाधारण योगदान और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण को देखते हुए सौंपी गई है। ज्ञात हो कि हरिमोहन सिंह पूर्व में भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कोच, मैनेजर, रेफरी और अन्य आधिकारिक भूमिकाओं में खेल आयोजनों का हिस्सा रह चुके हैं।
हरिमोहन ने दिव्यांग खिलाड़ियों और महिला खिलाड़ियों के उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए हैं और मुंगेर जिला खो-खो संघ, मुंगेर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, स्पेशल ओलंपिक्स भारत बिहार, और फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया जैसे कई महत्वपूर्ण संगठनों के साथ जुड़े हैं।
उनकी खेल सेवाओं और समाज में उनके योगदान के लिए बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, खेल मंत्री, समाज कल्याण मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कई बार सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा, उन्हें चुनाव आयोग ने युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता के आधार पर विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया है।
हरिमोहन सिंह के कोच बनने पर मुंगेर जिला प्रशासन, मुंगेर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन और अन्य खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
“खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और खेल को बढ़ावा देना मेरा मुख्य उद्देश्य है,” हरिमोहन सिंह ने अपनी नई जिम्मेदारी पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा।