रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि देश में जबरन और चालाकी से गलत कोरोना वैक्सीन लगाई गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों की असमय मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी दुनिया में प्रतिबंधित थी, लेकिन इसे भारत में लगाया गया, जिसके कारण आज देश में सामान्य सर्दी-खांसी और बुखार से लेकर चलने और दौड़ने तक में लोग जान गंवा रहे हैं। मरने वालों में बुजुर्ग नहीं, बल्कि युवा शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सोरेन बुधवार को रांची में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में झारखंड में एक्साइज पुलिस भर्ती के दौरान कई युवाओं की रहस्यमयी मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा, “कई युवा दौड़ते वक्त अपनी जान गंवा चुके हैं। सिर्फ दौड़ते ही नहीं, बल्कि चलते वक्त भी लोग मर रहे हैं। यह सब भाजपा द्वारा कोविड-19 के दौरान लगाई गई गलत वैक्सीन का नतीजा है, जिसका प्रभाव अब दिख रहा है। हम इसका पूरा हिसाब लेंगे।”
सोरेन ने कहा कि भाजपा ने पूरी दुनिया में प्रतिबंधित इस वैक्सीन को भारत में जबरन लागू किया, जिसके चलते देश की ये हालत हो गई है। उन्होंने दावा किया कि वैक्सीन का गलत असर अब पूरी दुनिया में देखा जा रहा है, और भारत में खासकर युवा इससे प्रभावित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड में एक्साइज पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा में 13 अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार ने इन मौतों की जांच के आदेश दिए हैं और तीन दिनों के लिए परीक्षा प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।