जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन को ‘बेस्ट वूमेन्स सपोर्टिंग संस्था’ सम्मान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला प्रशासन ने किया सम्मानित, दर्जनों महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में संस्था की अहम भूमिका
मुंगेर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंगेर जिला प्रशासन द्वारा टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संगठनों और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन को महिलाओं के उत्थान और खेल में उनके योगदान के लिए ‘बेस्ट वूमेन्स डेवलपमेंट सपोर्टर संस्था’ के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) रेखा कुमारी ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस संस्था के सहयोग से चार दर्जन से अधिक महिला खिलाड़ी खो-खो, थ्रोबॉल, डांस स्पोर्ट्स, दिव्यांग खेल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
खेल और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान
मुंगेर जिले के विभिन्न प्रखंडों में इस संस्था से जुड़कर महिलाएं खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही हैं। संस्था के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे बालिकाओं को शिक्षा और खेल के प्रति जागरूक किया जा सके।
सम्मानित अतिथि और खिलाड़ी
इस मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग) शालीग्राम प्रसाद, जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति) हब- मुंगेर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराधा, डॉ. अर्चना, मिस इंडिया फॉरएवर बिहार 2024 सृष्टि शर्मा, मिस बिहार 2022 सनाया यादव, मिसेज बिहार 2020 शालिनी शेखर, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट एंड गाइड) मुंगेर, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सह युवा समाजसेवी स्पोर्ट्स प्रमोटर हरिमोहन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सीनियर नेशनल खिलाड़ी पुष्पा कुमारी, आन्या, गुनगुन कुमारी, हर्षिता कुमारी, आंचल कुमारी, रिया रानी, इंसानवी, रिया कुमारी, गरिमा विश्वकर्मा, सोनम कुमारी आदि को ‘नायिका पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
मुंगेर जिले में महिलाओं को खेल और समाजसेवा से जोड़ने में जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है। संस्था के इस योगदान से जिले में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।