नगर परिषद की लापरवाही से नाराज जनता, छठ पर्व से पहले सफाई व्यवस्था पर सवाल

जमालपुर। दीपावली और काली पूजा के पावन अवसर पर जहां शहर जगमगाता नजर आना चाहिए था, वहीं कचरे के ढेरों ने नगर प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। खासकर सदर बाजार क्षेत्र में कूड़ा प्रबंधन की बदहाल स्थिति ने लोगों को परेशानियों में डाल दिया है। शहर के कई हिस्सों में कूड़ा जमा है, जिससे आसपास के निवासियों को असुविधा हो रही है।

नगर क्षेत्र की गंदगी और मच्छरों के चलते डेंगू जैसे संक्रमण भी बढ़ रहे हैं। सदर बाजार क्षेत्र के कुछ मोहल्लों में कई दर्जन लोग डेंगू से पीड़ित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिससे त्योहारों पर कचरे का अंबार लग गया है।

पार्षद साईं शंकर का प्रशासन पर आरोप
वार्ड पार्षद साईं शंकर ने स्वच्छता अभियान “स्वच्छता ही सेवा 2024” की आलोचना करते हुए इसे महज दिखावे और फोटोशूट तक सीमित बताया। उनका कहना है कि सफाई पखवाड़ा केवल कागजों पर हुआ, जबकि जमीन पर कोई सुधार नहीं हुआ। करोड़ों की सरकारी राशि आवंटित होने के बावजूद सफाई की हालत जस की तस बनी हुई है।

कूड़ा फेंकने की जगह न होने से सड़क पर कचरा
शहर के सीमेंटेड कूड़ा स्थलों को तीन महीने पहले ही हटाया गया था, जिससे लोग अब मजबूरी में सड़कों के किनारे कचरा फेंकने को विवश हैं। सदर बाजार की मुख्य सड़क, टिप टॉप गली, न्यू मारवाड़ी पट्टी गली जैसी प्रमुख जगहों पर कचरे का ढेर आम दृश्य बन चुका है। सफाई कर्मियों द्वारा सीटी बजाकर कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।

छठ पर्व से पहले सफाई की मांग
छठ महापर्व जैसे बड़े आयोजन के कुछ ही दिनों पहले शहर की इस गंदगी से जनता में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की है ताकि आने वाले पर्व पर शहर को साफ-सुथरा बनाया जा सके और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रशासन जिम्मेदारी का परिचय दे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *