रामनगर में 30 करोड़ की लागत से होगा आधुनिक कार्यालय का निर्माण
जमालपुर। लंबे समय से अपने भवन की प्रतीक्षा कर रहे जमालपुर प्रखंड को आखिरकार राहत भरी खबर मिली है। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने 30 करोड़ 74 लाख 17 हजार रुपये की लागत से रामनगर पंचायत में प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय परिसर के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
इस प्रोजेक्ट के लिए तकनीकी स्वीकृत मॉडल प्राक्कलन के आधार पर निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। जमालपुर विधायक डॉ. अजय कुमार सिंह ने इसे प्रखंडवासियों के लिए नए साल का तोहफा बताते हुए कहा कि यह भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों में सहूलियत प्रदान करेगा, बल्कि प्रखंड के विकास में भी एक नया अध्याय जोड़ेगा।
70 वर्षों का इंतजार हुआ खत्म
जमालपुर प्रखंड को वर्ष 1954 में प्रखंड का दर्जा मिला था, लेकिन 70 वर्षों बाद भी प्रखंड सह अंचल कार्यालय का अपना भवन नहीं बन सका। वर्तमान में कार्यालय निजी जमीन पर संचालित हो रहा है, जिसे लेकर कई बार कानूनी विवाद भी हुए। अदालत से जारी कई नोटिसों के बाद यह मामला गंभीर रूप ले चुका था।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि लंबे समय से प्रखंड कार्यालय की स्थिति अस्थिर बनी हुई थी। उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्म की बात थी कि जिस कार्यालय का उद्देश्य भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराना और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करना है, वह स्वयं अपने भवन के लिए संघर्ष कर रहा था।”
रामनगर में होगा निर्माण कार्य
भवन निर्माण के लिए रामनगर पंचायत स्थित सिंचाई विभाग की जमीन को चयनित किया गया है। इस स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रखंड सह अंचल कार्यालय सह आवासीय परिसर बनाया जाएगा। इसके तहत कार्यालय भवन, आवासीय परिसर, बैठक कक्ष और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
प्रखंड के विकास को मिलेगा बढ़ावा
विधायक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि इस भवन के निर्माण से न केवल प्रखंड प्रशासन के कार्यों में सुगमता आएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। प्रखंड सह अंचल कार्यालय प्रखंडवासियों की समस्याओं के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सरकार की इस पहल से प्रखंड का संरचनात्मक ढांचा सुदृढ़ होगा और प्रशासनिक कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
शीघ्र होगा निर्माण कार्य शुरू
सरकार द्वारा मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस पहल से जमालपुर प्रखंड के नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिलेगा।