शहर के मुख्य सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली की अनियमित आपूर्ति पर समाजवादी पार्टी ने जमालपुर में किया एकदिवसीय धरना
जमालपुर
समाजवादी पार्टी (सपा) की नगर इकाई द्वारा शहर के जुबली बेल चौक पर मंगलवार को एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन शहर की मुख्य सड़क के निर्माण, बिजली की अनियमित आपूर्ति, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की कुव्यवस्था और प्रखंड व अंचल कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर किया गया। धरने का नेतृत्व सपा नगर अध्यक्ष अमर शक्ति ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव और लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा उपस्थित रहे।
धरना को संबोधित करते हुए सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि, “शासन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने जनता को धृतराष्ट्र की तरह अनदेखा कर दिया है। शहर के मुख्य सड़क का निर्माण बीते 20 वर्षों से लंबित है और प्रशासन जनता की इस समस्या पर चुप्पी साधे बैठा है। अगर जनता अब भी आवाज़ नहीं उठाएगी, तो आने वाले समय में दुर्दशा के लिए तैयार रहना होगा।”
नगर अध्यक्ष अमर शक्ति ने कहा कि जमालपुर की जनता बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से त्रस्त है, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि पूरी तरह से उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी निकम्मी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा, “यहां की स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि निकम्मे साबित हो चुके हैं। सरकार केवल कुर्सी की चिंता कर रही है, जनता की नहीं। अगर जनता ने अब भी सजगता नहीं दिखाई, तो यह सरकार गुंडागर्दी पर उतर आएगी।”
धरना प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा। इसमें मुख्य सड़क निर्माण, बिजली की सुचारू आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
धरने में प्रमुख रूप से सपा के जिला उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव मिथिलेश यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, नगर उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता, प्रधान महासचिव रूपेश कुमार और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।