असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को घोषणा की कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में भाजपा में शामिल होंगे।

सरमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ चंपई सोरेन की बैठक की एक तस्वीर साझा की। इस बैठक में सरमा भी शामिल थे। सरमा ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के एक प्रतिष्ठित आदिवासी नेता, चंपई सोरेन जी ने हाल ही में माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे।”

चंपई सोरेन ने जेएमएम नेतृत्व पर अपमान का आरोप लगाते हुए कहा था कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में फैसला लेंगे।

जेएमएम नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर उनके नेताओं को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा था कि चंपई सोरेन भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *