लोबिन हेम्ब्रम ने थामा भाजपा का दामन, बाबूलाल मरांडी ने दिलाई सदस्यता

झारखंड में झामुमो को एक और बड़ा झटका लगा है। झामुमो के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने भाजपा का दामन थाम लिया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

समारोह में लोबिन हेम्ब्रम ने झामुमो के ‘तीर-धनुष’ को छोड़कर भाजपा के ‘कमल’ का साथ थाम लिया। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा नेता चंपाई सोरेन, सीता सोरेन और अमर बाउरी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। चंपाई सोरेन ने भी माला पहनाकर लोबिन का भाजपा में स्वागत किया।

ज्ञात हो कि लोबिन हेम्ब्रम ने पिछले लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद, झामुमो ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था, क्योंकि उन्होंने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राजमहल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस घटना के एक महीने बाद, विधानसभा अध्यक्ष ने उनके दल बदलने के कारण उनकी सदस्यता समाप्त कर दी थी।

गौरतलब है कि लोबिन हेम्ब्रम से एक दिन पहले, 30 अगस्त को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया था। उनका मिलन समारोह रांची के गोलचक्कर मैदान में आयोजित किया गया था, जिसमें शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी।

लोबिन हेम्ब्रम की गिनती झारखंड के प्रमुख आदिवासी नेताओं में होती है, और उनका भाजपा में शामिल होना राज्य की राजनीतिक स्थिति को नया मोड़ दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *