भव्य साहित्यिक समारोह
प्रमुख साहित्यकारों और कवियों ने महादेवी वर्मा के योगदान को किया नमन
मुंगेर। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा शुक्रवार को हिंदी साहित्य की महान कवयित्री और छायावादी युग की प्रमुख हस्ताक्षर महादेवी वर्मा की जयंती के अवसर पर मुंगेर रेलवे स्टेशन पर एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महादेवी वर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान प्रमुख साहित्यकारों, कवियों और रेलवे अधिकारियों ने उनकी साहित्यिक विरासत को नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और स्टेशन प्रबंधक श्री रविंद्र शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अभय कुमार, HOD, हिंदी विभाग, बीआरएम कॉलेज, मुंगेर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ डॉ. देवनायक दास, कवि विजय वर्तानिया, विजेता मोगदलपुरी, अलख निरंजन कुशवाहा और अशोक शर्मा जैसे प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने महादेवी वर्मा की रचनाओं और उनके सामाजिक योगदान पर विचार साझा किए।
स्टेशन प्रबंधक श्री रविंद्र शर्मा ने आमंत्रित साहित्यकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान श्री प्रमोद कुमार निराला, डॉ. अंजनी कुमार सुमन, श्री विनय कुमार झा “विमल”, श्री मधुसूदन आत्मीय, श्री विजय कुमार गुप्ता और श्री निवास कुमार ने भी अपने वक्तव्य में महादेवी वर्मा के काव्य में निहित मानवीय संवेदनाओं और नारी सशक्तिकरण के स्वर को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन कवि एवं रंगकर्मी श्री प्रमोद कुमार निराला ने किया। समापन पर कनिष्ठ अनुवादक श्री इंद्र ज्योति राय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मालदा मंडल का यह आयोजन साहित्यिक चेतना को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालदा मंडल भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस आयोजन ने न केवल महादेवी वर्मा के अमूल्य साहित्यिक योगदान को सम्मानित किया, बल्कि रेलवे कर्मचारियों और समाज में साहित्यिक जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया।