महागठबंधन पर मुकेश सहनी का भरोसा: कहा, बिहार से लेकर देशभर में बनेगी हमारी सरकार
पटना।
बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पटना में गुरुवार को हुई महागठबंधन की बैठक के बाद विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और आने वाले समय में न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सहनी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। आम आदमी को एक साधारण जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भी कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ और आम जनता की समस्याओं को लेकर हम सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।
सहनी ने एनडीए पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष आज भी 20 साल पहले की बातें दोहराता रहता है, जबकि वर्तमान की समस्याओं पर चुप्पी साधे बैठा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “आज और 20 साल पहले की स्थिति पर किसी भी खुले मंच पर बहस कर लें, सच्चाई सामने आ जाएगी।”
वीआईपी प्रमुख ने भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि गलत कार्यों का पुरस्कार अगर किसी को मिलना चाहिए तो भाजपा को मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महागठबंधन में कहीं कोई मतभेद नहीं है और वीआईपी पार्टी न तो तेवर में पीछे हटेगी और न ही कार्य में।
मुकेश सहनी ने निषाद आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि उनकी पार्टी समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
अंत में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, “आज बिहार से जो बदलाव की शुरुआत हो रही है, वही लहर पूरे देश में सरकार बनाने का रास्ता तय करेगी।”