मालदा मंडल के स्टेशनों पर पूर्व रेलवे का फोकस, संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा
12 अप्रैल।
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री मिलिंद देउस्कर ने शनिवार को मालदा मंडल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों का निरीक्षण कर रेलवे संरक्षा, यात्री सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों का जायज़ा लिया। इस निरीक्षण दौरे में उन्होंने करमटोला, साहिबगंज जंक्शन, बरहरवा जंक्शन और बोनीडंगा लिंक केबिन का भ्रमण किया। उनके साथ मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत मालदा टाउन से करमटोला होते हुए साहिबगंज और बरहरवा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के माध्यम से हुई, जिसमें ट्रैक फिटिंग, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों की स्थिति का तकनीकी परीक्षण किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक ने विशेष रूप से ट्रेनों की उच्च गति संचालन के लिए संरक्षा मानकों की सघन समीक्षा की।
करमटोला स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन परिसर, पैनल रूम तथा एकीकृत विद्युत आपूर्ति प्रणाली (IPS) की गहन जांच की। महाप्रबंधक ने स्टेशन भवन में आवश्यक बदलाव लाने और विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
साहिबगंज जंक्शन पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बन रहे मास्टर प्लान की समीक्षा की। स्टेशन पर चल रहे एंट्री-एग्जिट प्वाइंट सुधार कार्यों का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम, रनिंग रूम और क्रू लॉबी का दौरा कर संरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर नई ओएचई निरीक्षण कार का उद्घाटन भी किया गया, वहीं साहिबगंज स्थित डेमू शेड की कार्यप्रणाली और रखरखाव की स्थिति पर भी चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने यात्रियों के सफर को अधिक सहज और सुरक्षित बनाने हेतु किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की।
बरहरवा जंक्शन पर उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायज़ा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं को सुना। उन्होंने समाधान का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात बोनीडंगा लिंक केबिन पहुंचकर तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहां उन्होंने ग्राउंड स्टाफ से संवाद करते हुए उन्हें संचालन अनुशासन और संरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि पूर्व रेलवे संरक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उन्होंने औद्योगिक हितों पर भी चर्चा की।
अंत में मालदा मंडल कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री देउस्कर ने मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अब तक की प्रगति की समीक्षा की और आगे की दिशा तय की।