मुंगेर: बैंक डकैती का मास्टरमाइंड मिथुन बिंद पुलिस को चकमा देकर फरार, फिर छिड़ा तलाश अभियान
मुंगेर, – हरियाणा पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है। करोड़ों की बैंक लूट में मुख्य आरोपी मिथुन बिंद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र की है, जहां एक होटल में ठहरे मिथुन ने शौचालय जाने का बहाना बनाया और वेंटिलेटर के रास्ते भाग निकला।
होटल में ठहरी थी पुलिस टीम, आरोपी ने दिखाया शातिराना दिमाग
हरियाणा के अंबाला में वर्ष 2023 में को-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों की लूट हुई थी, जिसमें मिथुन बिंद मुख्य अभियुक्त था। मामले की जांच के दौरान इसकी कड़ियां बिहार के मुंगेर से जुड़ीं। कई गिरफ्तारियों के बाद जमीन में गाड़कर रखा गया सोना भी बरामद हुआ था। हाल ही में हरियाणा पुलिस मिथुन को रिमांड पर लेकर मुंगेर पहुंची थी।
रविवार रात को पुलिस टीम ने मिथुन को असरगंज थाना क्षेत्र के लदौआ मोड़ स्थित एक होटल में ठहराया था। रात में मिथुन ने शौचालय जाने की इजाजत मांगी और मौका पाकर वेंटिलेटर से भाग निकला। जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था।
पुलिस की फजीहत, इलाके में मचा हड़कंप
आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मुंगेर पुलिस ने तत्काल इलाके में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। असरगंज थाना में हरियाणा पुलिस की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
2023 में काटा था बैंक लॉकर, उड़ा ले गया था 10 करोड़ का सोना
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में अंबाला के को-ऑपरेटिव बैंक में मिथुन बिंद और उसके गिरोह ने बैंक का लॉकर काटकर करीब 8 से 10 करोड़ रुपये का सोना लूट लिया था। मामले में कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और उनकी संपत्तियां जब्त की गई थीं। मिथुन बिंद मुख्य साजिशकर्ता था, जिस पर इनाम भी रखा गया था।