पुतला फूंका

जमालपुर। प्रतिनिधि
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान के अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को मुंगेर जिला कांग्रेस कमेटी ने जमालपुर के जुबली वेल चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि अशोक पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कृत्य निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में 20 मार्च को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान के दौरान नीतीश कुमार हल्के अंदाज में हाथ हिलाते हुए घूमते नजर आए। यह राष्ट्रगान का अपमान और उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी का उल्लंघन है। पासवान ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. देवराज सुमन, जिला अध्यक्ष राजकुमार मंडल, वरिष्ठ नेता ब्रह्मदेव चौरसिया, मास्टर अरुण मंडल, इंद्रदेव मंडल, भूपेंद्र नाथ सिंह, विनोद मंडल, मोहम्मद एनुल, प्रकाश मंडल, चंदन कुमार और साईं शंकर समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते तो प्रदेशभर में बड़े आंदोलन किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *