मुंगेर

बिहार में सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। मुंगेर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग करते हुए सड़कों पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पहली घटना मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में हुई, जहां 69 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। मृतक व्यक्ति इलाके में चाय की दुकान चलाते थे और सब्जी लेने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद नाराज लोगों ने अम्बे चौक पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दी और प्रशासन से मुआवजे की मांग की।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि हादसा उत्पाद विभाग की गाड़ी से हुआ, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत कराते हुए जाम हटवाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

दूसरी घटना में महिला की मौत
दूसरी घटना मुंगेर के बरियारपुर-खड़गपुर मुख्य मार्ग पर हुई, जहां 52 वर्षीय रेणु देवी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से जान चली गई। रेणु देवी अपने पति के साथ दवा लेने मुंगेर आई थीं। लौटते समय परसंडो के पास अचानक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें धक्का मार दिया। घायल महिला को तुरंत पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सड़क सुरक्षा पर सवाल
दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। इन हादसों ने एक बार फिर बिहार की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ते हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *