आईएमडी ने जारी किया अलर्ट, 25 अक्टूबर तक पहुंचेगा तट
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘डाना’ ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में खतरे की घंटी बजा दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह तूफान अगले 24 घंटों में और अधिक शक्तिशाली हो सकता है। आईएमडी ने बताया कि 25 अक्टूबर की रात तक यह तूफान ओडिशा के पुरी और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप के बीच तट से टकरा सकता है।
आईएमडी के एक बुलेटिन के अनुसार, “पिछले 6 घंटों में चक्रवात ‘डाना’ ने 18 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की दिशा में बढ़ते हुए गंभीर चक्रवात का रूप ले लिया है। इस समय यह सिस्टम पारादीप (ओडिशा) से 560 किमी दक्षिण-पूर्व और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 630 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित है।”
तूफान के दौरान हवा की गति 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तटीय इलाकों में भारी नुकसान की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह चक्रवाती तूफान 24 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर रूप ले सकता है और 25 अक्टूबर की रात या 26 अक्टूबर की सुबह तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से टकराएगा।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल सरकार ने आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा है और तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
आईएमडी के अनुसार, चक्रवात के कारण इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ-साथ बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। तटीय क्षेत्रों में 25 अक्टूबर को सबसे अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका है, जहां तेज़ हवाओं के साथ समुद्री लहरों की ऊंचाई भी बढ़ने का अनुमान है।