पाकिस्तानी नागरिकों ने तय समयसीमा से पहले छोड़ा बिहार : सरकार ने की पुष्टि
TWM News नेटवर्क | पटना

बिहार सरकार ने शनिवार को पुष्टि की कि राज्य में आए सभी 19 पाकिस्तानी नागरिकों ने निर्धारित समयसीमा से पहले ही बिहार छोड़ दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जनवरी 2025 के बाद पर्यटक या विजिट वीजा पर पहुंचे ये सभी पाकिस्तानी नागरिक 25 अप्रैल या उससे पहले ही राज्य से रवाना हो गए।

गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि, “बिहार में अब केवल वे पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिनके पास मेडिकल वीजा अथवा दीर्घकालिक वीजा (एलटीवी) है। मेडिकल वीजा की वैधता 29 अप्रैल तक है।”

यह कदम केंद्र सरकार के उस निर्देश के तहत उठाया गया है, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानियों के लिए वीजा सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद बिहार सरकार ने राज्य भर के जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित कराएं।

जानकारी के मुताबिक, राज्य छोड़ने वाले पाकिस्तानी नागरिक मुख्यतः पंजाब के अटारी-वाघा बॉर्डर और राजस्थान के खोखरापार-मुनाबाओ बॉर्डर के जरिए भारत से बाहर निकले हैं। उत्तर भारत से निकलने वाले अधिकतर लोग अटारी-वाघा मार्ग का उपयोग करते हैं, जबकि पश्चिमी भारत के नागरिक मुनाबाओ बॉर्डर से यात्रा करते हैं।

शुक्रवार को बिहार सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा था कि निर्धारित अवधि के बाद कोई भी पाकिस्तानी नागरिक राज्य में न रुके। अधिकारियों को सख्ती से इस आदेश का पालन कराने के लिए कहा गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *