गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी पिंक टॉयलेट की झलक, महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

पटना। गणतंत्र दिवस के अवसर पर इस वर्ष पटना नगर निगम महिलाओं की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर एक विशेष झांकी प्रस्तुत करेगा। 26 जनवरी को होने वाली परेड में मोबाइल पिंक टॉयलेट और लू कैफे को दर्शाया जाएगा, जो महिलाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा पिंक टॉयलेट

नगर निगम की इस पहल के तहत महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए पिंक टॉयलेट को झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। ये टॉयलेट पुरानी और अनुपयोगी बसों का पुनर्निर्माण कर बनाए गए हैं, जो ‘कबाड़ से जुगाड़’ की थीम पर आधारित हैं। महिलाओं को स्वच्छता और सुरक्षा का संदेश देने के लिए झांकी में महिला कर्मचारी भी इसका प्रचार-प्रसार करती नजर आएंगी।

शहर में चल रहे 6 मोबाइल पिंक टॉयलेट

पटना नगर निगम वर्तमान में 6 मोबाइल पिंक टॉयलेट का संचालन कर रहा है, जो महिलाओं के लिए निःशुल्क सेवा प्रदान करते हैं। इन टॉयलेट्स में चार्जिंग प्वाइंट, वॉश बेसिन, चाइल्ड केयर रूम, सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनका संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाता है, जबकि साफ-सफाई की जिम्मेदारी महिला स्वच्छाग्रहियों को दी गई है।

फूड कोर्ट और सुविधाओं से लैस टॉयलेट

नगर निगम द्वारा इन टॉयलेट्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। बसों के पिछले हिस्से में फूड कोर्ट बनाया गया है, जहां महिलाओं को फास्ट फूड, कॉफी, दूध, बिस्किट और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाते हैं। वर्तमान में ये बसें मरीन ड्राइव, तारामंडल, मौर्य लोक और गांधी मैदान जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात हैं।

महिलाओं को मिलेगा सम्मान और सुरक्षा

पहले सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को स्वच्छता सुविधाओं की कमी के कारण असुविधा होती थी, लेकिन अब पिंक टॉयलेट के जरिए यह समस्या काफी हद तक दूर हो रही है। यह पहल न केवल महिलाओं की सुविधा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त भी बना रही है। गणतंत्र दिवस परेड में इसकी झलक से महिलाओं में जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें स्वच्छता व सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *