पीएम मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-मॉरीशस संबंधों को नई ऊंचाई
नई दिल्ली/पोर्ट लुइस। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉरीशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम द्वारा उनकी द्विपक्षीय यात्रा के दौरान प्रदान किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ पीएम मोदी इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
भारतीय समुदाय के लिए बड़ी घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस प्रवास के दौरान प्रवासी भारतीय समुदाय को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मॉरीशस के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड प्रदान किए। इस पहल से दोनों देशों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
मार्च 2024 में भारत सरकार ने मॉरीशस के उन नागरिकों के लिए OCI कार्ड की पात्रता को सात पीढ़ियों तक विस्तारित किया था, जिनकी जड़ें भारतीय मूल की हैं। वर्तमान में मॉरीशस में 22,000 से अधिक भारतीय नागरिक और 13,000 से अधिक OCI कार्डधारक हैं, जो दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाते हैं।
भारत-मॉरीशस सहयोग को नई दिशा
पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कम से कम आठ महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इनमें सामुदायिक विकास, समुद्री सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री 23 भारतीय वित्त पोषित परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए नई पहलों की घोषणा कर सकते हैं।
भारत-मॉरीशस संबंधों की मजबूती पर जोर
अपने मॉरीशस दौरे से पहले पीएम मोदी ने भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने मॉरीशस को भारत का निकटतम समुद्री पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी समझ और मजबूत जनसंपर्क को इस साझेदारी की आधारशिला बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत-मॉरीशस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।