मुंगेर

बुधवार को स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय और विभाग स्तर पर गणित-विज्ञान मेला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह ने छात्रों को मेडल प्रदान कर उनकी सफलता की सराहना की। छात्रों में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।

प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में गणित-विज्ञान मेला को छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया। उन्होंने बताया कि विभाग स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं आगामी 21 से 23 सितंबर 2024 तक राजगीर में आयोजित होने वाले प्रांतीय गणित-विज्ञान मेला में भाग लेंगे, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

समारोह में उपस्थित वैदिक गणित के प्रांतीय संयोजक नवनीत चन्द्र मोहन ने कहा कि इस मेले का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना है, ताकि वे विज्ञान और समाज के बीच के संबंध को बेहतर ढंग से समझ सकें।

इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य गोपाल कृष्ण ने कहा कि गणित-विज्ञान मेला छात्रों और शिक्षकों को एक मंच प्रदान करता है, जहां वे अपने विचारों का आदान-प्रदान कर सकते हैं और नवीन प्रयोगों के लिए प्रेरित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस मेले में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं जैसे मॉडल प्रदर्शन, पत्रवाचन, प्रयोग और क्विज आयोजित किए जाते हैं, जिनमें छात्रों को अपनी क्षमताओं को दिखाने का अवसर मिलता है।

सम्मानित छात्रों में विज्ञान प्रदर्शनी में कुमारी वैष्णवी, अमृत राज, दीप राज, चिरंजीवी, विवेक कुमार, खुशी कुमारी, पुष्कर झा, आकृति प्रमुख थे। विज्ञान प्रयोग में अदिति झा, अंकित कुमार, अनिमेष पाठक, अनामिका और विज्ञान प्रश्नमंच में अंकित, आरव, अभि आर्यन, अदिति, भावना, मंजरी ने भाग लिया। विज्ञान पत्रवाचन में यत्न सिन्हा को विशेष सम्मान मिला।

गणित प्रदर्श में आदित्य कुमार राय, शन्वी गुप्ता, नैतिक अग्रवाल, आर्यन त्रियार, रुचिका कुमारी, साक्षी लाल, गौरव कुमार, वर्षा भारती का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वैदिक गणित प्रश्नमंच में आनंद राज, तुषार आनंद, अनुकल्प, आयुष, पुनीत, नैना कुमारी, खुशबू, रश्मि का चयन हुआ। गणित प्रयोग में सौम्या कुमारी, शशांक शेखर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वैदिक गणित पत्रवाचन में आयुष गुप्ता और स्मृति आनंद ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्यगण और दीदी जी भी उपस्थित थे, जिन्होंने छात्रों की इस उपलब्धि पर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *